बलरामपुर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ली विभागीय समीक्षा बैठक, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश

विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करने के साथ मैदानी क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर दिया जोर

बलरामपुर, 21 अगस्त 2026। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्यों का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा करें। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही जिले के विकास को गति दी जा सकती है।

किसानों के पंजीयन और खाद-बीज की उपलब्धता पर जोर

समीक्षा बैठक में मंत्री ने न्यायालय में लंबित प्रकरणों, अविवादित एवं विवादित खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।

खाद-बीज के भंडारण और वितरण की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि खेती-किसानी के काम में किसानों को परेशानी न हो।

हर घर में मुनगा लगाने पर दिया जोर

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की जानकारी लेते हुए जिले में हर घर मुनगा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है और इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

इसके साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इससे महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में भी सुधार लाने में मदद मिलेगी।

स्कूल भवनों की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने और बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने को कहा।

मंत्री ने न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने तथा आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। स्कूलों में सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना में ई-केवाइसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसी तरह जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत, जल स्रोतों के संरक्षण और जल संचय कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया।

स्वास्थ्य और पशुपालन योजनाओं पर भी चर्चा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिक से अधिक पशुपालकों को इन योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की निगरानी के निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया।

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में वर्षा और बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने पंजीबद्ध अपराध, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी। वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी ने विभागीय कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और ग्रामीणों को समय पर सचेत करने के लिए नियमित मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बैठक में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज और विधायक प्रतिनिधि श्री बलवंत सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *