बलरामपुर में 6,968 परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ पूरा, एक साथ हुआ गृह प्रवेश

बलरामपुर-रामानुजगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के हजारों परिवारों के लिए 11 सितंबर का दिन खास रहा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से अब तक जिले में 6,968 पक्के आवासों का निर्माण पूरा किया गया। इन सभी नए घरों में हितग्राही परिवारों ने सामूहिक रूप से गृह प्रवेश किया।

जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परिवारों ने पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने नए घर में प्रवेश किया। लंबे समय से कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के लिए पक्का घर मिलने की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दी।

रामचन्द्रपुर में सबसे ज्यादा आवास पूरे

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के अलग-अलग विकासखंडों में कुल 6,968 आवास पूरे किए गए हैं।

  • रामचन्द्रपुर – 2,276 आवास
  • वाड्रफनगर – 1,772 आवास
  • कुसमी – 1,215 आवास
  • बलरामपुर – 1,142 आवास
  • राजपुर – 353 आवास
  • शंकरगढ़ – 210 आवास

इन आवासों के पूरा होने से जिले के हजारों परिवारों को अब पक्की छत का सहारा मिला है।

पक्का घर सुरक्षा और सम्मान का आधार

गृह प्रवेश करने वाले परिवारों को बधाई देते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि पक्का आवास सिर्फ ईंट और गारे से बना मकान नहीं है, बल्कि यह परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि पात्र परिवारों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने हितग्राहियों से अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान से पहले मिली बड़ी उपलब्धि

यह सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान से पहले आयोजित किया गया। एक साथ हजारों परिवारों का नए पक्के घर में प्रवेश जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा गया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि आवास निर्माण की लगातार निगरानी और मैदानी अमले के मार्गदर्शन से निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने पर जोर दिया गया।

हितग्राहियों ने जताया आभार

पक्का घर मिलने के बाद हितग्राही परिवारों ने खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवारों का कहना है कि लंबे समय से पक्के घर का सपना था, जो अब पूरा हुआ है।

प्रशासन का फोकस अब जिले में शेष स्वीकृत आवासों को भी जल्द पूरा कराने पर है। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *