
बलरामपुर, 21 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रही ‘नमो सेवा – अनकही कहानियां’ पहल के माध्यम से गांव-गांव तक सेवा, जनकल्याण और सामाजिक बदलाव का संदेश पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम बचवार में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
भारत पेट्रोलियम पंप परिसर के पास आयोजित इस कार्यक्रम में अरुण प्रताप सिंह देव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने अभिनय के जरिए लोगों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संदेश दिया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक में रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों को सरल संवाद और जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इससे मौके पर मौजूद राहगीर और ग्रामीण काफी देर तक कार्यक्रम देखते रहे।

ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के प्रयास को सराहा
नाटक के बाद उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक जागरूकता के साथ लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने अभियान के दौरान अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर इसी तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया।